अलीगढ़ की तारीख में नया अध्याय: नशरा नईम ने पहली महिला उपाध्यक्ष बनकर रचा इतिहास,बिहार के बेटे नोमान अशरफ की अध्यक्ष पद पर शानदार कामयाबी, नई नेतृत्व टीम से जगीं उम्मीदें



कलम: सैयद आसिफ इमाम काकवी :

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक और इल्मी सरज़मीं पर छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के नतीजों ने इस बार एक नई तारीख लिख दी है। यह चुनाव केवल तीन पदों पर नए प्रतिनिधियों के चयन का मामला नहीं रहा, बल्कि इसने बदलते सामाजिक मिज़ाज, नौजवानों की नई सोच, बेटियों के बढ़ते आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक नेतृत्व की एक खूबसूरत तस्वीर भी सामने रखी है। इन चुनावों का सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहलू यह है कि सौ वर्षों से अधिक की परंपरा वाले अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ में पहली बार किसी छात्रा ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। 

नशरा नईम की यह कामयाबी विश्वविद्यालय के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने के साथ-साथ उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा का पैगाम है, जिनकी आंखों में शिक्षा, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और अपनी अलग पहचान बनाने के सपने पलते हैं। वहीं बिहार की सरज़मीं से ताल्लुक रखने वाले मोहम्मद नोमान अशरफ का अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होना बिहार के शैक्षिक और सामाजिक परिवेश के लिए भी खुशी और फख्र का अवसर है। सचिव पद पर मोहम्मद हमदान की जीत ने इस नई नेतृत्व टीम को मुकम्मल स्वरूप प्रदान किया है। तीनों की कामयाबी पर दिल की गहराइयों से मुबारकबाद पेश करते हुए यह उम्मीद की जानी चाहिए कि उनकी नई पारी विद्यार्थियों के हितों, शैक्षिक बेहतरी और अलीगढ़ की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। 

अलीगढ़ का नाम आते ही सर सैयद अहमद खाँ की दूरदर्शी सोच, उनका शैक्षिक मिशन और वह ऐतिहासिक आंदोलन याद आता है, जिसने भारतीय समाज में आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक चेतना और बौद्धिक जागरूकता की नई रोशनी फैलाई। अलीगढ़ केवल एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि एक विचार, एक तहज़ीब, एक इल्मी विरासत और सामाजिक परिवर्तन की एक लंबी दास्तान है। इस सरज़मीं ने देश को ऐसे अनगिनत विद्वान, शिक्षाविद, न्यायविद, प्रशासक, साहित्यकार, पत्रकार और सामाजिक रहनुमा दिए हैं, जिन्होंने अपने ज्ञान और किरदार से राष्ट्रीय जीवन को समृद्ध किया। यहां की छात्र राजनीति भी इसी ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। 

छात्रसंघ का चुनाव इसलिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह केवल पदाधिकारियों का चयन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी की सोच, उसके सवालों, उसकी उम्मीदों और उसके लोकतांत्रिक विवेक का इजहार भी है। इस बार नशरा नईम की ऐतिहासिक सफलता ने इस पूरी चुनावी कहानी को एक विशेष अर्थ दे दिया है। किसी छात्रा का पहली बार उपाध्यक्ष के पद तक पहुंचना केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि अवसरों की समानता और महिलाओं की नेतृत्व क्षमता में बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। समाज में बेटियों की तरक्की पर अक्सर बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन असल बदलाव तब दिखाई देता है जब उन्हें जिम्मेदारी, निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व का वास्तविक अवसर मिलता है। 

नशरा नईम ने अपनी जीत के माध्यम से यह संदेश दिया है कि प्रतिभा का कोई लिंग नहीं होता, नेतृत्व की कोई सीमा नहीं होती और काबिलियत को किसी परंपरागत सोच के दायरे में कैद नहीं किया जा सकता। उनकी सफलता उन छात्राओं के लिए खास तौर पर हौसला बढ़ाने वाली है, जो अपनी पढ़ाई के साथ सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेना चाहती हैं और विश्वविद्यालय के प्रशासनिक तथा लोकतांत्रिक मामलों में सक्रिय भूमिका निभाने का सपना देखती हैं। यह उपलब्धि उन अभिभावकों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है, जो अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प रखते हैं। जब एक बेटी किसी प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालती है, तो उसकी कामयाबी का असर केवल उसके परिवार या संस्थान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के उन हजारों घरों तक पहुंचता है, जहां बेटियां अपने भविष्य को लेकर उम्मीदें संजोए बैठी हैं। 

नशरा नईम की जीत को किसी एक वर्ग या समुदाय की उपलब्धि के बजाय शिक्षा और समान अवसर की व्यापक भावना से देखा जाना चाहिए। दूसरी ओर बिहार के बेटे मोहम्मद नोमान अशरफ की अध्यक्ष पद पर जीत भी विशेष उल्लेख की हकदार है। बिहार की धरती ने सदियों से ज्ञान, विचार, संघर्ष और प्रतिभा की परंपरा को जीवित रखा है। यहां के गांवों और कस्बों से निकलकर नौजवान देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर पहचान बना रहे हैं। नोमान अशरफ की सफलता उन तमाम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी जिम्मेदारी अब केवल अपनी जीत का जश्न मनाने तक सीमित नहीं, बल्कि उन्हें विश्वविद्यालय के हर विद्यार्थी का भरोसा जीतना होगा। 

मोहम्मद हमदान की सचिव पद पर कामयाबी भी इस नई टीम के लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी लेकर आई है। तीनों निर्वाचित प्रतिनिधियों के सामने अब असली परीक्षा शुरू होती है। चुनाव के दौरान व्यक्त किए गए विचारों और वादों को व्यावहारिक रूप देना, विद्यार्थियों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से सार्थक संवाद स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। छात्रावासों की सुविधाएं, पुस्तकालयों का विकास, छात्रवृत्ति, शिक्षा की गुणवत्ता, शोध एवं अनुसंधान के अवसर, छात्राओं की सुरक्षा, रोजगारपरक मार्गदर्शन और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की सहायता जैसे मुद्दे विशेष ध्यान चाहते हैं। छात्रसंघ की गरिमा नारों की ऊंचाई से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में आने वाले सकारात्मक बदलाव से तय होती है। नई टीम को यह भी याद रखना होगा कि लोकतंत्र में जीतने वाला केवल अपने समर्थकों का प्रतिनिधि नहीं होता, बल्कि वह उन लोगों की आवाज़ भी होता है, जिन्होंने उसे वोट नहीं दिया। असहमति को सम्मान देना, विचारों के अंतर को स्वीकार करना और सभी विद्यार्थियों को साथ लेकर चलना ही परिपक्व नेतृत्व की पहचान है। विशेष रूप से नशरा नईम के सामने एक ऐसी ऐतिहासिक जिम्मेदारी है, जिसमें उन्हें अपनी उपलब्धि को छात्राओं के वास्तविक शैक्षिक हितों और समान अवसरों की दिशा में सार्थक बनाना होगा। उन्हें यह साबित करने का अवसर मिला है कि महिला नेतृत्व केवल प्रतीकात्मक प्रतिनिधित्व नहीं, बल्कि ठोस फैसलों, प्रभावी संवाद और परिणाम देने वाली कार्यशैली का नाम है। 

आज के विश्वविद्यालयों को ऐसी नेतृत्व क्षमता की आवश्यकता है, जो शिक्षा को राजनीति से ऊपर रखे, विचारों की आज़ादी को महत्व दे, छात्रहित को प्राथमिकता बनाए और समाज में सकारात्मक चेतना पैदा करे। अलीगढ़ की नई टीम यदि ज्ञान, संवाद, अनुशासन, पारदर्शिता और सेवा की भावना को अपना आधार बनाती है, तो उसकी यह पारी निश्चित रूप से यादगार बन सकती है। मेरी नज़र में पद प्राप्त करना उपलब्धि है, लेकिन उस पद की गरिमा को अपने आचरण और कार्यों से बनाए रखना उससे कहीं बड़ी जिम्मेदारी है। इतिहास में नाम दर्ज होना महत्वपूर्ण है, मगर उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है ऐसा काम करना, जिसे आने वाली पीढ़ियां सम्मान के साथ याद करें। 


सैयद आसिफ इमाम काकवी


मोहम्मद नोमान अशरफ, नशरा नईम और मोहम्मद हमदान को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। विशेष रूप से नशरा नईम को उनके ऐतिहासिक निर्वाचन पर मुबारकबाद, जिन्होंने अलीगढ़ की सौ वर्षों से अधिक पुरानी छात्रसंघ परंपरा में पहली महिला उपाध्यक्ष बनकर एक नई मिसाल कायम की है। बिहार के होनहार बेटे नोमान अशरफ की कामयाबी पर भी दिल से खुशी और फख्र का इजहार करता हूं। दुआ है कि अल्लाह तीनों को ईमानदारी, सूझबूझ, हिम्मत और इंसाफ के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने की तौफीक अता फरमाए। क्योंकि किसी समाज की असली तरक्की उस दिन शुरू होती है, जब उसकी बेटियों को केवल सपने देखने की नहीं, बल्कि इतिहास लिखने की भी आज़ादी मिलती है। नशरा नईम ने आज अलीगढ़ में एक नया इतिहास लिखा है। अब इस इतिहास को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और बदलाव की मिसाल बनाना नई नेतृत्व टीम की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ