पटना : आज बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के जन्मदिवस के अवसर पर सभा सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हर्षोल्लास के साथ उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात कर उन्हें जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष ने केक काटकर सबके साथ जन्मदिन की खुशियां बांटी।
बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी, प्रदेश अध्यक्ष माननीय संजय सरावगी जी, बीजेपी के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया जी, माननीय मंत्री श्री रामचन्द्र प्रसाद सहित कई माननीय मंत्रियों, सदस्यों एवं मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया जी ने डॉ प्रेम कुमार को दूरभाष पर बधाई दी।
इससे पूर्व अपने जन्मदिवस को समाज एवं प्रकृति के प्रति समर्पित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने गयाजी स्थित गांधी मैदान परिसर में वृक्षारोपण किया तथा लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। इसके उपरांत डॉ. प्रेम कुमार ने मानपुर स्थित गौ रक्षिणी में पहुंचकर गौ माता को हरा चारा एवं फल खिलाया तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ सेवा का विशेष महत्व है और इसका संरक्षण हम सभी का नैतिक दायित्व है। जन्मदिवस के अवसर पर उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाली महिला कार्यकर्ताओं एवं दिव्यांगजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और दिव्यांगजनों का सम्मान एवं सशक्तिकरण विकसित समाज की पहचान है। उन्होंने गयाजी के पवित्र विष्णुपद क्षेत्र में दरिद्रनारायण के बीच भोजन का वितरण किया तथा जरूरतमंद लोगों की सेवा को मानवता की सबसे बड़ी पूजा बताया। अपने जन्मदिवस के अवसर पर उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर प्राप्त आत्मीय शुभकामना संदेशों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है । उन्होंने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से आपलोगों की ओर से प्राप्त स्नेहिल शुभकामना संदेश से अत्यंत अभिभूत हूं।
जनसंपर्क पदाधिकारी
बिहार विधान सभा, पटना।


0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.