• ऊर्जा सचिव ने सारण जिले में ग्रिड उपकेंद्र एवं विद्युत शक्ति उपकेंद्र, तेलपा का किया निरीक्षण 
  • मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से पालन करने का निर्देश, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति एवं लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की ली जानकारी 


पटना/छपरा। ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री अजय यादव (भा. प्र. से.) ने 13 अगस्त 2026 को सारण जिले के 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र (GSS) छपरा तथा 33/11 विद्युत शक्ति उपकेंद्र (PSS), तेलपा, छपरा का निरीक्षण किया। 






निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत उपकेंद्रों की विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) रजिस्टर, सुरक्षा उपकरणों तथा स्विचयार्ड में स्थापित पावर ट्रांसफार्मरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इसके बाद छपरा सर्किट हाउस में विद्युत आपूर्ति अंचल, छपरा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था एवं संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान राजस्व संग्रहण, विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

बैठक में सारण जिले के जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव (भा. प्र. से.), विद्युत अधीक्षण अभियंता सारण, विद्युत कार्यपालक अभियंता छपरा पश्चिम, छपरा पूर्वी, सिवान, महाराजगंज, गोपालगंज एवं मीरगंज सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।