Header Ads Widget

‎झूठ बोलना, भ्रम फैलाना और भय के वातावरण का निर्माण करना महागठबन्धन की कार्यप्रणाली: ऋतुराज सिन्हा



राजद के कालखंड में बिहार लड़खड़ाया, उद्योग धंधे और कारोबारी भाग गए: ऋतुराज सिन्हा
‎'जंगलराज' में ऐसा आतंक फैला कि पढ़ाई, कमाई या उद्योग से जुड़े लोगों को बिहार में रहना मुश्किल हो गया: ऋतुराज सिन्हा
‎भाजपा ने जारी किया महागठबन्धन का रिपोर्ट कार्ड
‎बिहार के लोग अब 'लालटेन' को कभी नहीं आने देंगे: ऋतुराज सिन्हा
पटना, 28 अक्टूबर। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने आज विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए जोरदार निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झूठ बोलना, भ्रम फैलाना और भय के वातावरण का निर्माण करना महागठबन्धन की कार्यप्रणाली बन गई है, जिससे वोट प्राप्त किया जा सके।  
‎भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि कल रात तेजस्वी यादव ने अपने फेसबुक लाइव में पलायन की चर्चा की, जिसमें उद्योग की कमी का उल्लेख किया।  
‎उन्होंने तेजस्वी यादव को याद कराते हुए कहा कि वह 1990 का कालखंड था और राजद सत्ता में थी। जब बिहार पूरी तरह से लड़खड़ाया, उद्योग धंधे और कारोबारी भाग गए। उस दौर में जंगलराज का वातावरण बना था; उद्योग लगाने वाले यहां आना तक नहीं चाहते थे।  
‎उन्होंने कहा कि अगर आज तेजस्वी यादव को सच में पलायन की चिंता है, तो उन्हें अपने पिताजी और माताजी से पूछना चाहिए कि उस दौर में ऐसी परिस्थिति क्यों बनी? उनके मामा लोगों ने बिहार में ऐसा आतंक फैलाया कि पढ़ाई, कमाई या किसी उद्योग से जुड़े लोगों को बिहार में रहना मुश्किल हो गया।  
‎उन्होंने तेजस्वी यादव के सभी घरों में नौकरी देने के वादे को लेकर कहा कि जनता सब समझती है। जनता जानती है कि 2.50 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देनी होगी। उन्होंने माई बहिन मान योजना को लेकर भी कहा कि आज भी महिलाएं जंगलराज के उस दौर को नहीं भूली हैं, जब महिलाएं घर से नहीं निकलती थीं। आज महिलाओं को डबल इंजन की सरकार ने संबल प्रदान किया है।  
‎भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने तेजस्वी यादव के 'बाहरी शक्तियों' को लेकर कहा कि क्या प्रधानमंत्री बाहरी हैं? पीएम मोदी आज बिहार के विकास की गति को बढ़ा रहे हैं। बिहार के लिए अगर वे कुछ करना चाहते हैं, तो तेजस्वी यादव के पेट में दर्द क्यों है? देश और बिहार के लोग नरेंद्र मोदी को नेता मान चुके हैं।  
‎उन्होंने कहा कि बिहार अब विकास की ओर आगे बढ़ चुका है। अब यहां के लोग कभी लालटेन को नहीं आने देंगे। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन के रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया। उन्होंने कहा कि जनता सही चुनाव करेगी। लालटेन बुझेगा और बिहार विकसित बनेगा।  
‎इस प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू और प्रभात मालाकार उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ