पटना। माननीय उप मुख्यमंत्री-सह-कृषि मंत्री, बिहार श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बिहार राज्य बीज निगम द्वारा बसंतीय (रबी) वर्ष 2024-25 में निगम के निबंधित बीज उत्पादक किसानों, राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों एवं प्रमाणित गेहूँ बीज उत्पादन योजना के अंतर्गत कुल 2,30,816 क्विंटल रॉ बीज का संग्रहण किया गया है। यह संग्रहण राज्य के किसानों को बेहतर बीज आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
माननीय उप मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदीय (खरीफ) मौसम की फसलों जैसे धान, संकर धान, संकर मक्का, अरहर, सोयाबीन, अरण्डी आदि फसलों के बीज की आपूर्ति एवं वितरण सभी जिलों में सक्रिय रूप से किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराया जाए, जिससे खेती की शुरुआत समय पर और सुचारु रूप से हो सके।
श्री सिन्हा ने आगे बताया कि बसंतीय (रबी )फसलों के लिए संग्रहित रॉ बीज के प्रसंस्करण कार्य की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस वर्ष राज्य के 8 जिलों में अधिष्ठापित मिनी प्लांट्स पर भी बीज प्रसंस्करण का कार्य किया जाएगा। इस पहल से बीज प्रसंस्करण की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा। वर्तमान में निगम के अंतर्गत कुल 13 प्रसंस्करण इकाइयाँ कार्यरत रहेंगी, जिससे समय पर बीज तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराना संभव हो सकेगा।
औरंगाबाद में माननीय उप मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बीज वितरण की स्थिति की जानकारी किसानों से सीधे प्राप्त की। किसानों ने बताया कि इस वर्ष समय से पूर्व ही सभी किसानों को बीज उपलब्ध करा दिया गया, जिससे उन्हें समय पर बुआई करने में आसानी होगी।
किसानों ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें गुणवत्ता पूर्ण बीज प्राप्त हुआ है, जिससे इस बार अच्छी उपज की उम्मीद है। उन्होंने बीज वितरण प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी और बिना किसी भेदभाव के बताया।
कृषि विभाग द्वारा कुल 99.25 प्रतिशत बीज का वितरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। यह वितरण कार्य नियोजित ढंग से किसानों तक पहुँचाया गया, जिससे अंतिम पंक्ति के किसान को भी लाभ मिल सका।
माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कृषि से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुँचाया जाएगा।