- सभी पार्टी के अध्यक्षों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया, सभी ने कहा - '225 सीट लेकर रिकॉर्ड बनाएंगे'
- स्वयं सहायता समूहों के जरिए ग्रामीण विकास को नई दिशा दे रही नीतीश सरकार: डॉ. दिलीप जायसवाल
- कार्यकर्ताओं को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल का संदेश, 'जीत के लिए समर्पण के साथ परिश्रम की पराकाष्ठा तक करना है काम'
- नौजवान और किसान के लिए एनडीए करती है चिंता: डॉ. दिलीप जायसवाल
- महिलाओं के सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर एनडीए सरकार की नजर: डॉ. जायसवाल
- सामूहिक प्रयास से बदलेंगे बिहार की तस्वीर: डॉ. दिलीप जायसवाल
- नीतीश की प्रगति यात्रा विकास की ललक का बड़ा उदाहरण: उमेश सिंह कुशवाहा
- एनडीए पूरी ताकत से एकजुट: राजू तिवारी
- नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से बनेगी एनडीए सरकार: मदन चौधरी
पटना, 18 फरवरी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन आज जमुई में आयोजित हुआ। एनडीए घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने इस कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए न केवल कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया बल्कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए फिर से एनडीए की सरकार बनाने का दावा किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में न केवल हम जीतेंगे बल्कि 225 से ज्यादा सीट जीतकर रिकॉर्ड बनाएंगे।
जमुई के श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित इस विराट एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।
इस सम्मेलन में विभिन्न प्रखंडों से जुटे हजारों कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व जोश दिखा। सम्मेलन में आए एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि एनडीए अपने किए गए विकास कार्यों को लेकर ही चुनाव मैदान में उतरती है। उन्होंने कहा कि आज नीतीश कुमार की सरकार में महिलाओं के कल्याण के लिए कई काम किए जा रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं की उन्नति, संवर्धन और उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार का ध्यान न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने पर है, बल्कि उनके सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देने पर है। इन्हीं जीविका दीदियों के जरिए ग्रामीण विकास को सरकार नई दिशा दे रही है।"
उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी का प्रत्याशी कोई भी हो, लेकिन हमें यह ध्यान रखना होगा कि हमारा प्रत्याशी संबंधित पार्टी का 'चुनाव चिन्ह' है, जिसे जीत दिलाने के लिए हमें पूरे समर्पण के साथ परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए काम करना है। उन्होंने कहा कि जनता में एनडीए सरकार के लोक कल्याणकारी योजनाओं को बताना भी हमारा काम होना चाहिए।
उन्होंने साफ लहजे में कहा कि नौजवान और किसान के लिए एनडीए सरकार चिंता करती है। उन्होंने कहा कि हाल में ही केंद्रीय बजट में इसके कई उदाहरण देखने को मिले। बजट में कृषि क्षेत्र की उत्पादकता की वृद्धि के लिए प्रावधान किए गए तो एमएसएमई की योजनाओं को बूस्ट देने की कोशिश की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं सहित आम लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से हम बिहार की तस्वीर बदलेंगे।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नया आयाम दिया है। उन्होंने नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री 20 साल सत्ता में रहने के बावजूद भी आज प्रदेश के जिलों का दौरा कर रहे हैं और जो विकास के कार्य छूटे हैं उसे करने में लगे हैं। यह उनके बिहार के विकास की ललक का बड़ा उदाहरण है। शायद ही कोई मुख्यमंत्री 20 साल सत्ता में रहने के बाद इतनी मेहनत करता हो।
इधर, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए पूरी ताकत के साथ एकजुट है। उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि एनडीए को और मजबूत करने के लिए अपने बूथ पर पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो हम खुद मजबूत होंगे।
रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने भी एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एनडीए की सरकार है तो हर कार्य मुमकिन है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बिहार की जनता अगले चुनाव में भी डबल इंजन पर मुहर लगाएगी, क्योंकि बिहार के लोग जान गए हैं कि डबल इंजन में ही बिहार का विकास होगा।