मुजफ्फरपुर की साहित्यकार डॉ आरती कुमारी को उनके संग्रह 'धड़कनों का संगीत ' पर कादंबरी संस्था जबलपुर द्वारा 'मां योग सम्बोधि सम्मान' से सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत उन्हें शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और 2100 रूपये की सम्मान राशि प्रदान की जायेगी। यह गरिमामय आयोजन जबलपुर में 9 नवम्बर को आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से सम्मानित साहित्यकार शामिल होंगे।
डॉ आरती कुमारी सीतामढ़ी अभियंत्रण महाविद्यालय में एप्लाइड साइंस की एचओडी एवं सहायक प्राध्यापक हैं। साथ ही साहित्य में बतौर ग़ज़लकार उनकी एक अलग पहचान है।
वह हिंदी व अंग्रेज़ी से एम.ए, अंग्रेज़ी एवं शिक्षाशास्त्र से डॉक्टरेट और नेट क्वालिफाइड हैं। वह एक कवयित्री, ग़ज़लगो के साथ शिक्षाविद भी हैं। उनकी कई रचनाएँ व आलेख राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में हिंदी व अंग्रेज़ी में प्रकाशित हो चुके हैं। अब तक उनकी छः पुस्तकें प्रकाशित हैं जिनमें ' साथ रखना है, ' मुंतज़िर है दिल ' और ' धड़कनों का संगीत ' शामिल है। उनकी ग़ज़लें कविताकोश एवं रेख़्ता पर भी उपलब्ध हैं। उनके संपादन में 'ये नए मिज़ाज का शहर है', 'बिहार की महिला ग़ज़लकार' ग़ज़ल संग्रह और 'एक और दधीचि - कमलनयन श्रीवास्तव ' प्रकाशित हो चुके हैं।
उनकी कई रचनाएँ पंजाबी और नेपाली में अनुदित व प्रकाशित हैं। डॉ आरती की कई अंग्रेजी कविताएं कंटेंपरेरी साउथ एशियन विमेन पोएट्री , कॉस्मिक पोएट्री, द मेलोडीज ऑफ इमोर्टेलिटी आदि पुस्तकों में शामिल है। उनकी रचनाओं का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन से होता रहता है। वह कई संस्थानों से सम्मानित हैं जिनमें सुधा काशिव सम्मान 2023, द्वारिका प्रसाद सक्सेना स्मृति कविता सम्मान' 2022, ' कुमार नयन स्मृति सम्मान 2022, शाद अज़ीमाबादी सम्मान 2020, उर्मिला कॉल साहित्य साधना सम्मान 2018, सरोज स्मृति सम्मान 2018, गोपीवल्लभ सहाय सम्मान 2013 आदि हैं।
0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.