न्यूज़ डेस्क। अपनी घरेलू सहायिका का कथित रूप से उत्पीड़न करने को लेकर पूर्व आईएएस अधिकारी की पत्नी और बीजेपी से निलंबित हुई सीमा पात्रा को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। घर में काम करने वाली मेड सुनीता को जहां सीमा पात्रा ने कई सालों तक थर्ड डिग्री टॉर्चर किया वहीं सीमा पात्रा ने अपने बेटे को भी नहीं बख्शा। बुधवार को झारखंड पुलिस ने सीमा पात्रा को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, आपकों बता दें कि नौकरानी पर यातनाओं का खुलासा सीमा पात्रा के बेटे आयुष्मान पात्रा ने ही किया था जिसके बाद सीमा पात्रा ने अपने पुत्र को ही मनोरोगी घोषित कर रांची की चर्चित मानसिक आरोग्यशाला रिनपास में भर्ती करा दिया था। इतना ही नहीं इस कठोर मां ने अपने ही बेटे के हाथ में बेड़ियां लगाकर उसे जबरन यहां दाखिल कराया था। सोमवार को जब सुनीता के टॉर्चर की खबरें उजागर हुई तो उसने आनन-फानन में यहां से बेटे को रिलीज करवा लिया।
कौन है सीमा पात्रा :
सीमा पात्रा बीजेपी की महिला विंग की राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य थीं। इसके साथ-साथ वो बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की राज्य संयोजक भी थीं। सीमा के पति महेश्वर पात्रा एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं। बीजेपी ने झारखंड में पार्टी की नेता सीमा पात्रा को निलंबित कर दिया है। उनपर आरोप है कि उन्होंने एक विकलांग आदिवासी लड़की को अपने घर में बंधक बनाकर रखा था और आठ सालों से लगातार अत्याचार कर रही थीं। झारखंड बीजेपी के प्रमुख दीपक प्रकाश ने सीमा पात्रा को पार्टी से निलंबित करने का आदेश जारी किया था।
वहीं बीते मंगलवार को पुलिस ने पीड़ित नौकरानी सुनीता का कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया है और आज आरोपी सीमा को गिरफ्तार भी कर लिया है। सुनीता के अनुसार, उसे गरम तवे से जगह-जगह दागा गया, लोहे की रॉड से उसके आगे के तीन-चार दांत तोड़ दिए गए इतना ही नहीं उसका खाना-पानी तक बंद कर दिया गया था। फिलहाल सुनीता को कैद से छुड़ाकर रांची रिम्स में भर्ती कराया गया है। जहां सुनीता की हालत गंभीर बनी हुई है।