मधुबनी से आशिष / लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट
लदनियां प्रखंड के नोनदरही गांव के एक माली देवनारायण भंडारी फूल की खेती के अतिरिक्त मूली की खेती कर विगत कई वर्षों से चर्चा में हैं। उन्होंने तीन किलो दो सौ ग्राम से सात किलो चार सौ ग्राम तक की मूली उगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। लेकिन इसबार के निरीक्षण में प्रखंड कृषि विभाग के द्वारा उपज में कमी आती देखी गई है। पदाधिकारियों के अनुसार इसबार तीन किलोग्राम से पांच किलो छह सौ ग्राम तक की मूली पाई गई।
कारण बताते हुए किसान देवनारायण भंडारी के पुत्र नेता विष्णुदेव भंडारी ने बताया कि खाद की कमी व कृषि विभाग द्वारा किसान की लगातार की जा रही उपेक्षा इसका कारण है। आजतक कृषि विभाग की ओर से इस रिकार्डतोड़ मूली की खेती के लिए उन्हें किसी प्रकार का सम्मान नहीं मिला है। किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली है, जिस कारण उनका मनोबल घटा है। यही कारण है कि इसबार इनके खेतों में मात्र पांच किलो छह सौ ग्राम की मूली पाई गई। मूली की उपज क्षमता का निरीक्षण प्रति वर्ष की तरह इसबार भी वहां के कृषि विभाग के पदाधिकारियों ने रविवार को किया।
मौके पर उपस्थित कृषि समन्वयक प्रेमनारायण, सहायक तकनीकी प्रबंधक आत्मा संतोष कुमार व किसान सलाहकार महेश प्रसाद यादव ने कहा कि मूली की उन्नत उपज की रिपोर्ट विभागीय पदाधिकारियों को प्रतिवेदित कर दी गई है। निरीक्षण के समय केएस रामकृष्ण राय, झारखंड विस के अवकाशप्राप्त अवर सचिव प्रवीण साफी, मुखिया प्रतिनिधि सह अंचलमंत्री रामचन्द्र यादव, रामचन्द्र ठाकुर, अरुण कुमार मिश्र, विजय कुमार यादव, रघुवीर महरा, बुनेश कुमार मंडल, रमेश कुमार सुमन, रूपेश कुमार, जिप सदस्या ललिता देवी, ध्यानी यादव, सुरेश कुमार साह, बौकू पासवान आदि थे।
0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.