सासाराम | जिला संवाददाता
रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड अंतर्गत अतिमी पंचायत भवन में गुरूवार को आम सभा का आयोजन किया गया। अध्यक्षता मुखिया निशु देवी ने की। इस दौरान जीपीडीपी के तहत योजनाओं का मुल्यांकन किया गया। लोगों ने नाली-गली की समस्या से मुखिया को अवगत कराया। साथ ही कई लोगों ने पशुशेड निर्माण कराने की मांग की। इसके साथ ही लोगों ने आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र बनने में हो रही असुविधा व देरी को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। लोगों ने मांग की है कि उक्त प्रमाण पत्र बनाने के लिए पंचायत में एक कर्मी को प्रतिनियुक्त किया जाए।
इसके अलावा ग्रामीणों ने राशन कार्ड हेतु दिये जाने वाले आवेदन के साथ जाति प्रमाण पत्र को अनिवार्य किये जाने के सरकारी आदेश की आलोचना की। वहीं मुखिया ने लोगों को आश्वासन दिया कि समस्याओं के मद्देनजर वह जनता के साथ तत्परता के साथ खड़ी रहेंगी। और इनके निदान हेतु संबंधित अधिकारियों से संपर्क करेंगी। मौके पर बीडीसी अलबेला राम, उपमुखिया कुमार आकाश, पंचायत सचिव बिरेंद्र पांडेय, कार्यपालक सहायक साक्षी कुमारी, सिंघासन पासवान, बनारसी सिंह, वार्ड सदस्य शशि मुन्ना, सुदर्शन पासवान, कृष्णा रजक, धनंजय सिंह, देव मुनि सिंह, राजेशरी सिंह, श्रीपंचमी सिंह, अनिल राम और विजेंद्र चौधरी इत्यादि उपस्थित थे।