पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के ULA मॉडल की मुख्य सचिव ने की विस्तृत समीक्षा



  • पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के ULA मॉडल की मुख्य सचिव ने की विस्तृत समीक्षा
  • योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर जोर, निर्धारित लक्ष्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश
  • बिहार में 1.43 लाख से अधिक सोलर स्ट्रक्चर स्थापित, 1.09 लाख से अधिक सोलर पैनल लगे


पटना : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के यूनिफाइड लोड एग्रीगेशन (ULA) मॉडल के क्रियान्वयन की मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में शुक्रवार को विद्युत भवन, पटना में विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में राज्य में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना और योजना के निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बिहार में योजना के ULA मॉडल के तहत लगातार प्रगति हो रही है। 23 अक्टूबर 2026 तक राज्य में कुल 1,43,793 सोलर स्ट्रक्चर, 1,09,781 सोलर पैनल और 31,349 इन्वर्टर स्थापित किए जा चुके हैं। मुख्य सचिव ने योजना की मुख्यालय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
 



उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा। साथ ही, ULA मॉडल के तहत निर्धारित सभी लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने वेंडरों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी। उन्होंने धीमी गति से काम करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजना को मिशन मोड में आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। 

नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) द्वारा योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। 

बैठक में ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री अजय यादव (भा. प्र. से.) शामिल हुए। इस अवसर पर NBPDCL के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार (भा. प्र. से.), SBPDCL के प्रबंध निदेशक श्री सौरभ जोरवाल (भा. प्र. से.), BSPGCL के प्रबंध निदेशक श्री विशाल राज (भा. प्र. से.), योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी एजेंसियों के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

₹20 हजार तक अतिरिक्त राज्य सहायता

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बिहार सरकार द्वारा केंद्र सरकार की सहायता के अतिरिक्त ₹20,000 तक की राज्य सहायता भी दी जा रही है। यह सहायता 31 मार्च 2027 तक उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को अपने घरों की छत पर सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ